
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्यामलाल जोकचन्द्र की मंगलवार को मल्हारगढ़ बाबा रामदेव मंदिर से रुनिजा रामदेवरा तक की 600 किलोमीटर प्रतिज्ञा पदयात्रा शुरु हुई। मोदी हटाओ, राहुल गांधी लाओ देश बचाओ के उद्देश्य से यह यात्रा मल्हारगढ़ से शुरु हुई, इसमें करीब 100 पदयात्री शामिल हुए। जगह-जगह पदयात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत् किया। डीजे के साथ भक्ति गीतों पर बरसात के बीच झूमते पदयात्रियों का हौंसला देखने जैसा था। बाबा रामदेव के जयकारे के साथ निकले कांग्रेस नेता जोकचन्द्र ने बताया देश में आये दिन बढ़ रहे राग, द्वेष, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी बढ़ रही है, देश में अराजकता का माहौल है। भय, भूख, भ्रष्टाचार से आमजन दुःखी है। सामाजिक सद्भावना व भाईचारे की कमी के कारण देश में आए दिन अशांति की स्थिति निर्मित हो रही है। केन्द्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। देश के अगले प्रधानमंत्री राहुलजी गांधी बने और पुनः देश में भाईचारा, सामाजिक सद्भावना कायम हो। साथ ही गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, जातिवाद से छुटकारे के लिए मध्यप्रदेश के मल्हारगढ़ से रामदेवरा (रूनिजा, राजस्थान) तक पदयात्रा जाएगी।