
मंदसौर। भगवान श्री एवं चरण पादुका 29 अक्टूबर से 14 नवम्बर तक नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमणशील रहीं। इस दौरान नगरवासियों ने भक्ति-भाव से दर्शन व वंदन का लाभ लिया।
14 नवम्बर को सांसद श्री सुधीर गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर, सिंधी समाज के अध्यक्ष वासुदेव सेवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सारस्वत, गौरव अग्रवाल और विजय कोठारी ने श्री सत्यसाई समिति, मंदसौर पर भगवान के दिव्य रथ व चरण पादुका के दर्शन किए।
अपने उद्बोधन में सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि वे बचपन से ही सत्य साई बाबा की भक्तिमयी परंपरा से जुड़े रहे हैं। नगर में जब सुबह नगर संकीर्तन निकलता था, तब वे स्वयं उसमें सम्मिलित होते थे। उन्होंने कहा कि—
“समिति को चाहिए कि अधिक से अधिक युवा पीढ़ी को जोड़कर उन्हें सनातनी शिक्षा दे। जब हमारे युवाओं में धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के प्रति रुचि बढ़ेगी, तभी राष्ट्र सशक्त और सुरक्षित रहेगा।”
सांसद श्री गुप्ता ने भगवान सत्यसाई के संदेश — “मानव सेवा ही माधव सेवा” तथा “सबसे प्रेम, सब की सेवा” — को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को युवाओं के आचरण में उतारना ही सबसे बड़ी साधना है।
नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर और मंडल अध्यक्ष श्री अरविंद सारस्वत ने भी दिव्य रथ एवं चरण पादुका के दर्शन कर समिति द्वारा किए जा रहे सेवा-कार्यों की सराहना की।
समिति के रतलाम-मंदसौर जिलाध्यक्ष श्री डी.सी. सक्सेना ने बताया कि संगठन द्वारा बाल विकास कक्षाएँ संचालित की जाती हैं, जिनसे बच्चों में बचपन से ही नैतिक आचरण, आध्यात्मिक संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।
इस अवसर पर समिति के श्रीकांत त्रिवेदी, प्रकाश चंदवानी, महेंद्र कोटवानी, आशा गोयल, नूतन शिंदे, जयश्री चंदवानी, मधुरिमा शर्मा, माया व्यास, महेंद्र सोनी, मनोरमा सोनी, चंद्रप्रकाश व्यास, शोभा गुप्ता, निरंजन भारद्वाज, मोहित सोनी, दिनेश चंदवानी, शिव कोटवानी, योग गुरु बंशीलाल टांक सहित बड़ी संख्या में साई भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष श्री डी.सी. सक्सेना ने किया।






