मंदसौर। इस साल की सबसे ठंडी दोपहर रहा साल का आखिरी दिन। बारिश के बाद लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को पारा और नीचे चला गया। साथ ही ठंडी हवाओं से दोपहर में भी अलाव जलते हुए नजर आए। दिन के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड के साथ अब घना कोहरा छाने लगा है। मंदसौर और ग्रामीण क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक घने कोहरे का असर बना हुआ है। कोहरे की वजह से सडक़ पर विजिबिलिटी भी बेहद कम हो गई। सडक़ों पर लोग वाहनों की लाइट चलाकर निकल रहे हैं। सर्द हवाओं और घने कोहरे की वजह से ठिठुरन भी बढ़ गई है। जिले में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।