मंदसौर। कोरोना से लडऩे के प्रमुख हथियार वैक्सीान को लेकर जिले के बुजुर्गों, युवाओं ने तो जागरुकता दिखाई ही है। 15 से 18 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों ने भी इसमें काफी उत्साह दिखाया है। अब तक जिले में 50 प्रतिशत किशोरों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है। वहीं पहली डोज का आकड़ा भी नब्बे प्रतिशत को छू रहा है। इन सभी किशोरों के सुरक्षा चक्र में आने से कोरोना से चल रहे युद्ध को जीतने में काफी मदद मिलेगी। अभी तक 71810 से ज्यादा किशोर पहली डोज लगवा चुके हैं। इधर जिले में अब तक कुल 21 लाख 24 हजार 475 से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें से 10 लाख 35 हजार 131 से ज्यादा लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। वहीं सतर्कता डोज लगवाने में फ्रंटलाइन वर्कर और स्वास्थ्यकर्मी कम रुचि दिखा रहे हैं पर बुजुर्ग पहुंच रहे हैं। अब तक 13628 स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर व बुजुर्ग सतर्कता डोज लगवा चुके हैं।