मंदसौर। बारिश और ओलावृष्टि से कई जगहों पर फसलों को भारी नुकसान हुआ है। अब लगातार पड़ रही ठंड से अन्य जगहों पर भी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जिले में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिन का तापमान भी 16 डिग्री के करीब पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड की वजह से लोगों को दिन में भी अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। लगातार तीसरे दिन भी घने कोहरे का असर सुबह 9.00 बजे तक देखने को मिला। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पहले ओलावृष्टि से पहुंचे नुकसान के बाद अब फसलों में पाला पडऩे की आशंका भी बनी हुई है। आज सुबह कई जगह फसलों पर बर्फ की परत जम गई। जिससे फसलों में पाला पडऩे का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार संक्रांति तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
आगामी 3 दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंदसौर जिले सहित आसपास के जिलों में तापमान 5 डिग्री से भी नीचे आने की संभावना बनी हुई है। आगामी 3 दिनों में इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिलेगा। कुछ क्षेत्रों में पाला पडऩे की संभावना भी मौसम विभाग में व्यक्त की है।