मंदसौर। दशपुर की धरा के मूर्धन्य विद्वान गोलोकवासी पं. श्री मदन लाल जोशी की स्मृति को मैं बारंबार प्रणाम करता हूं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस नगर का नाम धर्म व अध्यात्म के क्षेत्र में गौरवान्वित किया। धन्य होती है वे पुण्यात्माएं जिनके अवसान के बाद भी उन्हें सदैव याद किया जाता है।
 यह विचार सुप्रसिद्ध कथा प्रवक्ता श्री चिन्मयानंद बापू ने अपना घर में आयोजित पं. जोशी स्मृति दिवस पर  व्यक्त किए। आपने कहा कि उनकी विलक्षण विद्वत्ता वास्तव में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्वान के रूप में प्रतिष्ठित करती है। उनका संस्कृत का ज्ञान और शिक्षक की भूमिका भी काफी उल्लेखनीय रही है  आपने अनेकों पूज्य साधु-साध्वियों को भी संस्कृत का अध्यापन कराया। वास्तव में आप जैसे आदर्श पुरुष हमारे देश की संस्कृति,परंपरा और संस्कारों को सदैव जीवित रखते हैं।आपने अपना घर की गतिविधियों की सराहना की।
 इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने कहा कि पं.जोशी जी का व्यक्तित्व विराट था उन्होंने मंदसौर का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया यह हम सबके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अपना घर से सभी को अपनापन मिलता है यह सेवा का पवित्र सोपान है यहां के बच्चों की सेवा में नगर पालिका हर अपेक्षा को पूरा करेगी।
नपा उपाध्यक्ष  नम्रता चावला ने कहा कि व्यक्ति अपने कर्म से सदैव जीवित रहता है आज पं. जोशी जी जैसे मूर्धन्य विद्वान शरीर से भले ही हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनके आदर्श उनकी विद्वत्ता उनके कर्म आज भी उन्हें हम सबके बीच में सजीव रखे हुए हैं।उन्हें श्रीमद्भागवत और संस्कृत का ज्ञान बहुत कुछ कोटि का था। श्रीमती चावला ने अपना घर की सेवा गतिविधियों की भी सराहना की। इस प्रसंग पर अपना घर के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षक श्री गिरधारी माली का सम्मान किया गया। आरंभ में श्री चिन्मयानंद बापू व अतिथियों ने पं. जोशी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया पं. जोशी स्मृति सेवा संस्थान की ओर से संस्था अध्यक्ष कैलाश जोशी, ब्रजेश जोशी तथा अपना घर के संस्थापक अध्यक्ष राव विजय सिंह ने चिन्मयानंद बापू का शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गुर्जर व उपाध्यक्ष श्रीमती चावला क्षेत्र की पार्षद संगीता गोस्वामी तथा सभापति द्वय निर्मला चंदवानी व दीपमाला मकवाना का नए दायित्व ग्रहण करने के बाद पहली बार अपना घर आने पर स्वागत किया गया। श्री चिन्मयानंद बापू का स्वागत समारोह में उपस्थित सर्वश्री नरेंद्र अग्रवाल, बंसीलाल टांक, अनिल गुप्ता, पंकज शर्मा,कन्हैया लाल सोनगरा, शैलेन्द्र गिरी गोस्वामी,राव प्रितेश सिंह,श्रीमती शकुन्तला राव,अपना घर अधीक्षिका भारती शर्मा,तथा स्टाफ परिवार की हेमलता सोनी सुधा पाटीदार वंदना गोड़, आशा परमार आदि ने किया। स्वागत उद्बोधन ब्रजेश जोशी ने दिया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. घनश्याम बटवाल ने किया आभार अपना घर के संस्थापक अध्यक्ष राव विजय सिंह ने माना।