
अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती गुर्जर को मिले कांग्रेस के भी वोट,उपाध्यक्ष बनी नम्रता
मंदसौर। नगरपालिका अध्यक्ष अध्यक्ष का खेल आखिरकार बुधवार को खत्म हुआ। रमादेवी गुर्जर और नम्रता चावला के बीच चल रहे अध्यक्ष की दावेदारी के खेल में भाजपा ने रमादेवी गुर्जर को अधिकृत किया। कांग्रेस ने अध्यक्ष के लिए पिंकी सोनी को अधिकृत किया तो वहीं उपाध्यक्ष के लिए तरुण शर्मा को अधिकृत किया गया। भाजपा के चालिस में से कुल 29 पार्षद थे। कांग्रेस के पास आठ और तीन निर्दलीय पार्षदों ने मतदान किया। इसमें भाजपा के पक्ष में 34 पार्षदों ने मतदान किया। इसमें कांग्रेसी पार्षदों ने भी भाजपा के पक्ष में मतदान किया। इधर सुवासरा की बात करें तो यहां भी भाजपा की सविता लालाराम परिहार अध्यक्ष बनी। उन्होंने कांग्रेस की श्यामुबाई रामसिंह को हराया।
अनुभव को मिला मौका
रमादेवी गुर्जर की बात करें तो मंदसौर कृषि उपज मंडी और जनपद पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी है। इन दोनों ही जगहों पर उन्होने अपनी काबिलियत को साबित किया। एक बड़ा अनुभव उनके पास था। इसी अनुभव का लाभ उन्हें मिला और भाजपा ने उन्हें अधिकृत किया।
अंतिम समय में उपाध्यक्ष के लिए नम्रता
मिली जानकारी के अनुसार संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने अपने पार्षदों को कॉल करके एक दिन पहले तक अध्यक्ष के लिए रमादेवी और उपाध्यक्ष के लिए निर्मला चंदवानी का नाम बताया जा रहा था। मतलब निर्मला चंदवानी का उपाध्यक्ष बनना लगभग तय था। लेकिन अंतिम समय में अध्यक्ष की मजबूत दावेदार नम्रता चावला को उपाध्यक्ष बनाया गया।
सुवासरा में सविता
सुवासरा नगर परिषद के लिए भी आज मतदान हुआ। यहां भाजपा ने सविता लालाराम परिहार को अधिकृत किया तो वहीं कांग्रेस ने श्यामुबाई रामसिंह को उम्मीदवार बनाया। यहां कुल पद्रह पार्षद थे। जिसमें नौ पार्षदों ने सविता परिहार को मतदान किया तो वहीं छह पार्षदों ने कांगे्रस प्रत्याशी श्यामुबाई को मतदान किया।