मंदसौर। जिले में अब कोरोना की तीसरी लहर उतार पर है। मरीजों की संख्या में अब लगातार कमी हो रही है। अभी भी दो दिन में 13 मरीज मिले हैं। इसमें भी रविवार को महज आठ मरीज ही मिले हैं। तीसरी लहर में अभी तक 1103 मरीज मिल चुके हैं। इनमे सक्रिय मरीज भी केवल 30 ही बचे हैं। रविवार को भी आठ मरीजों को स्वस्थ्य घोषित किया गया।
पहले सेंपल की जांच जिला अस्पताल में ही की जा रही थी। इसके बाद सरकार ने सैंपल भोपाल की निजी लेब में भेजने को कहा। वहां जांच में गड़बड़ी होने लगी तो फिर मंदसौर में ही जांच हो रही है। इससे फिर मरीजों की संख्या में कमी आई है। यह भी सही है कि अभी तक महज 35 लोग जिला अस्पताल में भर्ती किए गए हैं और इन सभी की छुट्टी भी हो चुकी है। रविवार को भी 880 सेंपल की रिपोर्ट मिली है। जिसमें आठ की रिपोर्ट पाजिटिव मिली हैं। वहीं शनिवार को भी महज पांच ही मरीज मिले थे। शुक्रवार को 10 मरीज मिले थे। इससे यह भी अर्थ लगाया जा रहा है कि अब कोरोना की तीसरी लहर ढलान पर है।