मंदसौर। गरौइ, सीतामऊ, मंदसौर, प्रतापगढ़, छोटी सादड़ी सहित सैकडों किसानों को घटिया अफीम का नोटिस थमाया गया। घटिया अफीम के नोटिस पर मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसान बड़ी संख्या में नीमच जिले के अफीम क्षारोद कारखाना पहुंचे। जहां उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज कराया। साथ ही यह मांग की कि अफीम तुलाई के समय ही सभी निर्णय प्रबंधकों द्वारा लिए जाने चाहिए। ताकि बार-बार किसानों को परेशान ना होना पड़े।इसके साथ ही समय रहते अफीम डोडा चिराई के निर्देश भी जारी किया जाए। किसानों ने अफीम फैक्ट्री प्रबंधक पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। किसानों का कहना है कि सरकार ने किसानों की अफीम जमा कर ली और वर्ष 2022 के लिए नए पट्टे भी जारी कर दिए।
1200 किसानों को मिला नोटिस
कई किसानों ने अफीम की फसल भी बो दी है और अब उनमें से अफीम निकालने का टाइम भी नजदीक है, लेकिन फैक्ट्री से घटिया अफीम के नोटिस किसानों को जारी किए जा रहे हैं। नई अफीम चीरने के लिए भी अनुमति नहीं दी जा रही है।किसानों ने बताया कि गरोठ, सीतामऊ, मंदसौर, प्रतापगढ़, राजस्थान, छोटी सादड़ी सहित लगभग 1200 से अधिक ऐसे किसान हैं, जिनकी अफीम घटिया बताकर उन्हें नोटिस दिए गए हैं। किसान नेता सोहन आंजना ने किसानों का प्रतिनिधित्व करते हुए मामले को लेकर महा प्रबंधन से चर्चा भी की है, लेकिन कोई उचित निराकरण सामने नहीं आया।