
किशोर दा के सुरों की आत्मा लिए यह बहुप्रतिभाशाली गायक देश–विदेश में अपनी अनोखी पहचान बना चुके हैं
मंदसौर। मेले के मुख्य मंच पर आज वह क्षण आएगा, जब दर्शक “K for Kishore” के मशहूर बॉलीवुड सिंगर अनिल श्रीवास्तव की सुरीली प्रस्तुति का आनंद लेंगे। देश–विदेश में अपनी मधुर आवाज़ और किशोर कुमार की आत्मा समेटे गायकी के लिए ख्यात अनिल श्रीवास्तव संगीत प्रेमियों के बीच एक सम्मानित और लोकप्रिय नाम हैं। Sony TV के रियलिटी शो “K for Kishore” में चैंपियन सिंगर बनकर उन्होंने एक अलग मुकाम हासिल किया था।
उनकी पेशकश की विशेषता यही है कि वे सिर्फ किशोर दा के गीत गाते नहीं, बल्कि जीते हैं, इसी कारण श्रोताओं के दिलों में उन्होंने खास जगह बनाई है। रेट्रो, बॉलीवुड, सूफ़ी, ग़ज़ल, भजन और आधुनिक गीत—हर शैली में उनकी पकड़ एकदम स्वाभाविक, सुरीली और असरदार है।

सम्मान और उपलब्धियाँ
संगीत जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2016 में “भारत गौरव रत्न” से नवाज़ा गया, जो उन्हें दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में “कला दर्पण” संस्था द्वारा “Best Kishore Kumar Singer” के रूप में दिया गया था।इसके अतिरिक्त Best Singer Award (2010, छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक महोत्सव)– Best Singer Award (2017, Tatapani Festival) सहित अनेक राष्ट्रीय–राज्य स्तरीय सम्मान उनके नाम दर्ज हैं।
आशा भोसले, अनु मलिक, गुलाम अली, राजेश रोशन, नदीम–श्रवण जैसे संगीत जगत के दिग्गज कलाकार उनकी गायकी की सराहना कर चुके हैं।

देश–विदेश के मंचों पर दमदार उपस्थिति
अनिल श्रीवास्तव ने देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों में हजारों लाइव कॉन्सर्ट किए हैं। दुबई, अबू धाबी, शारजाह, बैंकॉक, पटाया, कीव (यूक्रेन) जैसे देशों में उनकी प्रस्तुतियाँ बेहद लोकप्रिय रहीं। वे अलका याज्ञनिक, कुमार सानू, उदित नारायण, अदनान सामी और दलेर मेहँदी जैसे सितारों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। फिल्मों और एलबमों में प्लेबैक सिंगिंग के साथ वे विवाह, कॉर्पोरेट इवेंट्स और बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी पहली पसंद माने जाते हैं।
आज मेले में बजेगी अनिल श्रीवास्तव की सुरीली तान
मेले में उनकी प्रस्तुति का विशेष इंतज़ार है। मंच पर आते ही उनका अंदाज़, उनकी आवाज़ और उनके भावपूर्ण सुर दर्शकों को सीधे रेट्रो–युग और किशोर दा के सुनहरे दौर में ले जाते हैं।
कुल मिलाकर, अनिल श्रीवास्तव एक ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने मेहनत, समर्पण और अपने खाँटी सुरों से संगीत जगत में मजबूत पहचान बनाई है। आज की शाम वे अपने सुरों के जादू से मेले का माहौल अविस्मरणीय बनाने वाले हैं।




